माँ, तेरी बहुत याद आती है,
यह वक्त की फरमाईश और मीलों की दूरियाँ अब सहन नहीं हो पाती है,
माँ, तेरी बहुत याद आती है ।
रात को जब नींद नहीं आती,
तब तेरे लोरी सुनाने की गूँज आती है,
आँखे बंद कर लूँ जो,
तो तेरे मेरे बालों के सहलाने की याद आती है ।
रात को जब चाहे सो जाऊँ,
कोई रोकने वाला नहीं है,
पर सुबह देर से उठूँ जो,
तो कोई टोकने वाला भी नहीं है ।
आज गल्तियाँ सौ करूँ,
कोई ड़ाँटने के लिए नहीं होता,
कोई दुख भी हो जो मुझे,
तुझ जैसा कोई बाँटने के लिए नहीं होता ।
अपने बच्चे का हाल जानने के लिए रोज़ फोन करती है,
मेरे जवाब पाने का पल-पल इंतज़ार करती है,
कभी-कभी मैं फोन उठा नहीं पाता,
कभी-कभी उठाकर कह देता हूँ कि बात नहीं कर सकता ।
यह सुनकर,
मन ही मन उदास होती है,
चुप-चाप से बात करना छोड देती है,
ज़िंदगी पता नहीं क्यों इतनी उलझ जाती है,
और हम समझते हैं कि माँ सब समझ जाती है ।
कभी मैं ढ़ंग से कुछ खा न पाऊँ,
तो खुद भी भूखी सो जाती है,
सच कहूँ तो यह सोच-सोच कर मेरी आँखे भर आती हैं,
माँ, तेरी बहुत याद आती है,
माँ, तेरी बहुत याद आती है ।
No comments:
Post a Comment