Tuesday, 27 August 2013

जब भी तू मुस्कुराती है |

सूरज जब ढलता है कभी,
आसमान में कोई लाली सी छा जाती है,
ऐसा ही कुछ होता है तेरे कोमल गालों के साथ भी,
जब भी तू मुस्कुराती है |

मुश्किलों में रहता हूँ मैं कभी,
फिर सामने तू आ जाती है,
दिल से सारे गम मिट जाते हैं,
जब भी तू मुस्कुराती है |

न जाने कभी गुस्सा आ जाता है मुझे,
फिर मेरी आत्मा तेरी परछाई से रूबरू हो जाती है,
मन में सुकून सा मिल जाता है,
जब भी तू मुस्कुराती है |

तन्हाई में जब खोया रहता हूँ मैं कभी,
अचानक से आकर तू मेरा हाथ थाम जाती है,
अपनापन सा लगता है यूँ मुझे,
जब भी तू मुस्कुराती है |

गल्ती कर देती है जब तू कभी,
फिर भोला सा चेहरा बना जाती है,
मैं भी फिर हंस देता हूँ कभी,
जब भी तू मुस्कुराती है |

कभी-कभी न जाने बिना बात के,
जब बाल तू मेरे सहलाती है,
प्यार-सा हो जाता है तुझसे,
जब भी तू मुस्कुराती है,
जब भी तू मुस्कुराती है |

Saturday, 3 August 2013

मुझे तुम बहुत अच्छी लगती हो

मेरे जीवन की श्वास हो तुम,
मेरे जीने का एहसास हो तुम,
हारकर भी जीत जाऊँ मैं ,
ऐसा अटूट विश्वास हो तुम |

मेरी हर तमन्ना हो तुम,
मेरी हर कोशिश हो तुम,
जिससे जीवन संवर जाए मेरा,
ऐसी अद्भुत मंज़िल हो तुम |

उमस की सुहावनी हवा हो तुम,
मेरी उदासी की हर-एक दवा हो तुम,
गंगा का पावन जल हो तुम,
मेरी खुशी का हर-एक पल हो तुम |

तुम, एक चित्रकार की कला हो,
जो एक उझड़े हुए आंगन को भी फूलों से भर सकती हो,
तुम अपने स्पर्श से पत्थर को भी
पानी में बदल सकती हो |

तुम ओस की बूँदों पर पड़ने वाली धूप हो,
या मेरे सपनों में आने वाली परी का स्वरूप हो,
तुम किसी कवि का लिखा हुआ प्यारा सा गीत हो,
या वीणा का मधुर संगीत हो |

बातों से तुम छोटी बच्ची लगती हो,
दिल से तुम बिलकुल सच्ची लगती हो,
जो भी हो तुम, जैसी भी हो,
पर मुझे तुम बहुत अच्छी लगती हो,
मुझे तुम बहुत अच्छी लगती हो |