Saturday, 18 April 2015

बेसहारा ज़िंदगी

सडक किनारे, खून से लथपथ,
लाश नहीं, वो ज़िंदा है।

सिसकती, चिल्लाती, आंसू बहाती, आवाज़ लगाती,
न जाने किस-किस को गुहार लगाती।

सब गुज़रते, नज़र उठाते,
अंदेखा करके आगे बढ जाते।

वह सवाल करती खुदको,
लोग बहरे क्यों हो गए हैं,
सब देखकर भी यूँ अंधे क्यों हो गए हैं।

पर सवाल तो हज़ारों हैं, बस जवाबों की कमी है,
चेहरे पर भय है, आँखों में नमी है।

बस अब कुछ वक्त की ही बात है,
पर उम्मीद अभी भी कायम है,
कि कोई दरियादिली दिखाएगा,
कि कोई पत्थर का हृदय पिघल जाएगा।

वह वहीं पडी है, मदद की आस लगाती है,
हर एक लहू की बूँद के साथ, मृत्यु की गाडी और पास आती है।

अपनी आँखे बंद करती है,
किसी को याद करती है,
न जाने है कौन वो,
जिससे इस आखिरी वक्त में भी आस बंधी पडी है।

जो भी है,
पर शायद वह इन सबसे अनजान है,
कहीं दूर कार्यरत है,
शायद चीख उसकी नहीं सुन पाएगा,
नामुमकिन ही है कि वह उसे बचाने आएगा।

शायद यह उसकी ज़िंदगी की आखिरी कोशिश है,
जिसे दोहराने का मौका भी न मिल पाएगा।

आसपास के दृश्य में अभी भी कोई बदलाव नहीं आया,
लोग चलते गए, कारवाँ बनता गया,
साँस थमती गयी, ज़िंदगी निकलती गयी।